Translate

Monday, 19 August 2013

गोकुलाष्टमी मनाएंगे मुंबई के डब्बावाले

मुंबई के प्रसिद्ध डब्बावाले इस गोकुलाष्टमी (श्रीकृष्ण जन्माष्टमी) पर एक नई भूमिका निभाने जा रहे हैं। वे इस वर्ष गोकुलाष्टमी मनाने जा रहे हैं। यह जानकारी भोजन आपूर्तिकर्ताओं द्वारा गठित इस संस्था के एक नेता ने दी है। अपने 123 वर्षो के इतिहास में पहली बार डब्बावालों ने 28-29 अगस्त को गोकुलाष्टमी मनाने की योजना बनाई है।

डब्बावाले 28 अगस्त की अर्ध रात्रि से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन मनाएंगे और अगले दिन 29 अगस्त को बड़ा समारोह आयोजित करेंगे। नूतन मुंबई टिफिन बॉक्स सप्लायर्स ट्रस्ट (एनएमटीबीएसटी) के अधिकारी सुभाष तालेकर ने कहा, हम सालभर होने वाले करीब सभी सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए जाने जाते हैं। लेकिन हम कभी गोकुलाष्टमी समारोह में शामिल नहीं हुए। हमारे सदस्यों द्वारा लगातार मांग करने पर, हम पूरे उत्साह के साथ यह त्योहार मनाएंगे। 

तालेकर ने बताया कि दक्षिण मुंबई में होने वाले कार्यक्रम के लिए प्रख्यात हस्तियों के साथ ही साधारण लोगों और डब्बावालों के परिवारों को समारोह में आने के निमंत्रण भेजे जा रहे हैं।वर्तमान में करीब 5,000 की संख्या वाले ये प्रसिद्ध डब्बावाले पूरे शहर में साल भर हर मौसम में कार्यालयों में डिब्बाबंद खाना पहुंचाने और अपनी दक्षता के लिए विश्वभर में जाने जाते हैं। यही नहीं ये कई अंतर्राष्ट्रीय प्रबंधन और अनुसंधान के लिए अध्ययन का विषय रह चुके हैं।

No comments:

Post a Comment